बिरला, शाह ने राममोहन राय की जयंती पर नमन किया

 

नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गृहमंत्री अमित शाह सहित कई नेताओं ने शुक्रवार को समाज सुधारक राजा राममोहन राय की जयंती पर उन्हें नमन किया।

बिरला ने एक्स पोस्ट पर कहा कि भारतीय नवजागरण के महान पुरोधा एवं समाज सुधारक राजा राममोहन राय की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। राममोहन राय ने सत्य, तर्क, शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समाज परिवर्तन का आधार बनाते हुए भारतीय समाज को नई चेतना प्रदान की। राममोहन राय ने भारतीय संस्कृति और आधुनिक विचारों के बीच संतुलन स्थापित करते हुए एक ऐसे भारत की कल्पना की, जो विवेकशील, प्रगतिशील और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण हो। उनके विचारों ने भारतीय समाज में नवजागरण की वह चेतना पैदा की, जिसने आगे चलकर सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों को नई दिशा दी।

अमित शाह ने कहा कि राममोहन राय ने ब्रह्म समाज की स्थापना कर सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों और भेदभाव के विरुद्ध लोगों को जागरूक किया। शिक्षा, सामाजिक सुधार और लोक प्रशासन के क्षेत्र में उनके योगदान ने आधुनिक भारत की नींव को भी मजबूत किया। राममोहन राय के विचार और आदर्श सदैव राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक जागृति के पथ को आलोकित करते रहेंगे।

शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि राममोहन राय ने शिक्षा के प्रसार और आधुनिक चिंतन को सामाजिक जागरण का आधार बनाया। उनका जीवन हमें ज्ञान, सुधार और प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राममोहन राय समाज को रूढ़ियों से मुक्त कर एक जागृत समाज का निर्माण करने वाले भारतीय पुनर्जागरण के अग्रदूत थे। आधुनिक भारत के प्रमुख सृजनकर्ताओं के रूप में उनका अतुल्य योगदान युगों-युगों तक याद किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि समाज की कुप्रथाओं के उन्मूलन, महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा शिक्षा और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है। उनके आदर्श और विचार हमें एक सशक्त, समरस और जागरूक समाज के निर्माण के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि महिला शिक्षा के प्रसार और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध राममोहन राय के साहसिक एवं ऐतिहासिक प्रयासों ने भारतीय समाज को नई दिशा प्रदान की। उनका दूरदर्शी चिंतन, मानवता और समानता का संदेश आज भी समाज को जागरूक एवं प्रेरित कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी