रक्षाबंधन पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
-भाई-बहन के बीच विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक है यह पर्व : सी.आर. पाटील
सूरत, 28 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटील ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कई बहनों ने उन्हें राखी बांधकर उनके दीर्घायु, सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। सी.आर. पाटील ने भी सभी बहनों और देशवासियों को प्रेम, विश्वास एवं स्नेह के इस पवित्र पर्व की शुभकामनाएं दीं।
सी.आर. पाटील ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक है। बहन जब भाई की कलाई पर राखी बांधती है तो भाई उसकी सुरक्षा और सम्मान बनाए रखने का संकल्प लेता है। उन्होंने कहा कि यही इस पर्व का सबसे महत्वपूर्ण संदेश है।
उन्होंने कहा कि देश के हर कोने में लोग बिना किसी भेदभाव के रक्षाबंधन का पर्व मनाते हैं। यह त्योहार भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता, पारिवारिक मूल्यों और आपसी प्रेम की भावना को और मजबूत करता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के माध्यम से भाई-बहन के रिश्ते में मौजूद आत्मीयता और परस्पर विश्वास की भावना और प्रगाढ़ होती है। यह पर्व परिवार और समाज में प्रेम, सम्मान तथा जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
अंत में सी.आर. पाटील ने देशवासियों, विशेष रूप से सभी बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे