सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने नीरज डांगी को दिलाई राज्यसभा सदस्यता की शपथ

 


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। राजस्थान से पुनर्निर्वाचित राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी को सोमवार को संसद भवन में सभापति सीपी राधाकृष्णन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ दिलाई। डांगी ने हिंदी में शपथ ली।

इस मौके पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, राज्यसभा में सदन के नेता एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, राज्यसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी तथा राज्यसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नीरज डांगी 2020 में पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए और 2026 में पुनः निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। सिविल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त डांगी लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय रहे हैं। वे संसद में जनहित, सामाजिक न्याय और राजस्थान के विकास से जुड़े मुद्दे प्रभावी ढंग से उठाते रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार