वैश्विक संकट के बीच कृषि मंत्री की बैठक,फार्मर आईडी’ प्रोजेक्ट को तेजी से लागू करने के दिए निर्देश

 


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। वैश्विक अस्थिरता के बीच केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह ने बुधवार को अपने आवास पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें किसानों के हितों की सुरक्षा और आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का फोकस इस बात पर है कि देश में खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधनों की उपलब्धता बनी रहे और किसानों को समय पर सभी सुविधाएं मिलती रहें।

कृषि मंत्री ने उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘फार्मर आईडी’ प्रोजेक्ट को तेजी से लागू करने पर विशेष जोर दिया, ताकि वितरण प्रणाली पारदर्शी बने और सही लाभ सही किसान तक पहुंचे। इस दिशा में जल्द ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कृषि मंत्रियों के साथ समन्वय बैठक भी की जाएगी।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती

बैठक में साफ किया गया कि वैश्विक संकट का फायदा उठाकर खाद और बीज की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्यों को भी निर्देश दिए जाएंगे कि वे निगरानी बढ़ाएं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें।

कृषि मंत्री ने बीज उत्पादन से जुड़े पहलुओं की समीक्षा करते हुए बीज सुखाने के लिए आवश्यक गैस और एग्रो-केमिकल्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दूध और अन्य कृषि उत्पादों के लिए पैकेजिंग सामग्री की कमी न हो, इसके लिए पेट्रोलियम मंत्रालय और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया गया।

कृषि निगरानी के लिए ‘स्पेशल सेल’

कृषि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए एक विशेष सेल का गठन किया गया है। यह सेल खाद, बीज और कीटनाशकों की उपलब्धता पर साप्ताहिक रिपोर्ट सीधे कृषि मंत्री को सौंपेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत निर्णय लिए जा सकें।

बैठक में शिवराज सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वैश्विक संकट के बावजूद देश में कृषि उत्पादन और आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी