भारत-बेल्जियम रक्षा संबंधों और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने पर हुई चर्चा

 




- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेल्जियम के अपने समकक्ष थियो फ्रैंकन के साथ की प्रतिनिधिमंडल वार्ता

नई दिल्ली, 03 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए बेल्जियम के रक्षा एवं विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को यहां प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों पक्षों ने भारत-बेल्जियम रक्षा संबंधों और रक्षा औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक के दौरान रक्षा औद्योगिक सहयोग के तहत कई समझौता ज्ञापनों और अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए गए।

वार्ता के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया इस समय गंभीर भू-राजनीतिक और आर्थिक उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भारत के मित्र और महत्वपूर्ण साझेदार बेल्जियम के साथ विचारों और दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान महत्वपूर्ण है। भारत और बेल्जियम के बीच संबंध आपसी सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नियम आधारित वैश्विक व्यवस्था के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि जुलाई में हुआ भारत-बेल्जियम रणनीतिक संवाद दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए संस्थागत ढांचा प्रदान करता है। उन्होंने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं बताते हुए बेल्जियम और भारतीय रक्षा कंपनियों के बीच अधिक सहयोग का स्वागत किया।

बैठक के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों ने रक्षा संबंधों और रक्षा औद्योगिक सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि रक्षा औद्योगिक सहयोग के तहत कई समझौता ज्ञापनों और अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिनका उद्देश्य बेल्जियम की तकनीक को भारत के कौशल और बड़े औद्योगिक स्तर के साथ जोड़ना है।

थियो फ्रैंकन ने वार्ता में भारत के साथ रक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि बेल्जियम के पास काफी तकनीकी क्षमता है, लेकिन भविष्य की परियोजनाओं के लिए भारत जैसे देशों के साथ सहयोग जरूरी है। उन्होंने भारत को उच्च प्रौद्योगिकी वाला देश बताते हुए कहा कि दोनों देश एक-दूसरे से बहुत कुछ सीख सकते हैं।

फ्रैंकन ने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए देशों को व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए आगे बढ़ना होगा। भारत और बेल्जियम मित्रता और साझेदारी के जरिए इन चुनौतियों का सामना कर सकते हैं।

बैठक के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा कि बेल्जियम के रक्षा एवं विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन के साथ उनकी बैठक काफी उपयोगी रही। दोनों पक्षों ने भारत-बेल्जियम के रक्षा संबंधों और रक्षा औद्योगिक सहयोग के पूरे दायरे की समीक्षा की। रक्षा औद्योगिक सहयोग के तहत कई समझौता ज्ञापनों और अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर 2 से 4 सितंबर तक भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनके साथ रक्षा एवं विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन और उच्चस्तरीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी आया है। डी वेवर की प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहली भारत यात्रा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर