नेपाल में बाढ़ के बाद रायपुर की युवती लापता, सरकार ने शुरू की तलाश
रायपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच रायपुर की एक युवती के लापता होने की खबर सामने आई है। रायपुर जिला प्रशासन ने गुरुवार को जानकारी दी कि महादेव घाट (थाना डी.डी. नगर) निवासी सुश्री मोनिका यादव 22 अगस्त से नेपाल प्रवास पर थीं, जो बाढ़ के बाद से लापता हैं। परिजनों से उनका संपर्क टूट गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार सूचना मिलते ही राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। सरकार संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर मोनिका की सुरक्षित खोजबीन के प्रयास कर रही है।
वहीं, इस संकट की घड़ी में सरकार ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि नेपाल गए या वहां रह रहे प्रदेश के नागरिकों के संबंध में यदि किसी के पास कोई भी जानकारी हो, तो उसे तुरंत साझा करें।
उल्लेखनीय है कि नेपाल आपदा के मद्देनजर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार ने तत्परता दिखाते हुए सभी जिलों से नेपाल गए नागरिकों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। सरकार ने आश्वस्त किया है कि वह प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा