चक्रवात अर्नब पड़ा ठंडा, आज 22 राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान

 


नई दिल्ली, 25 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात अर्नब ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में तबाही मचाने के बाद ठंडा पड़ गया। चक्रवात रात 11 बजे से एक बजे के मध्य उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकरा गया। इसके असर से दोनों राज्यों में भारी बारिश हुई और तेज हवा चली । आज देश के 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।

अर्नब के प्रभाव की वजह से दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए । करीब पांच हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया । मलकानगिरी में चार पुल डूब जाने से यातायात ठप हो गया है। नेशनल हाइवे भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिए गए हैं। भद्रक में तूफानी हवाओं से मछुआरों की 10 नावें डूब गईं और कई क्षतिग्रस्त हो गईं। चिलका झील क्षेत्र में भी कई नावें टूटकर डूब गईं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने नबरंगपुर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहां 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश का अनुमान है। बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी में ऑरेंज अलर्ट है। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में 75 किलोमीटर (किमी) प्रति घंटे तक की हवा चली। विजयवाड़ा के निचले इलाकों में पानी भर गया है और कई स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। मछुआरों से समुद्र में न जाने की अपील की गई है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश हो सकती है। विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वोत्तर राज्य, अंडमान-निकोबार और केरल में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-तूफान के साथ व्यापक बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बहुत भारी बारिश हो सकती है। कहा गया है कि दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद