रेलवे जल्द ही आईआरसीटीसी वेबसाइट का बीटा संस्करण लॉन्च करेगा, टिकट बुकिंग होगी अधिक आसान और तेज

 


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेलवे जल्द ही भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की नई बीटा वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है। इसके साथ ही पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन का भी व्यापक आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिसके पूरा होने के बाद नया आईआरसीटीसी पोर्टल अगले कुछ महीनों में पूरी तरह कार्यशील हो जाएगा।

रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि आईआरसीटीसी और रेल सूचना प्रणाली केंद्र (क्रिस) के अधिकारियों ने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के विद्यार्थियों के साथ नई बीटा वेबसाइट का परीक्षण किया और इसके संबंध में सुझाव प्राप्त किए। कुछ सप्ताह पहले इन्हीं विद्यार्थियों ने आईआरसीटीसी वेबसाइट की कमियों की ओर ध्यान आकर्षित किया था, जिसके बाद वेबसाइट को नए स्वरूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया।

रेलवे के अनुसार, नई बीटा वेबसाइट में चार प्रमुख सुधार किए गए हैं। इसमें अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स हटाए गए हैं। सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी। टिकट बुकिंग के लिए आवश्यक चरणों की संख्या कम कर दी गई है, जिससे भुगतान और बुकिंग की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज होगी। इसके अलावा, यात्रियों का विवरण सुरक्षित रखने की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे बार-बार टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को हर बार जानकारी दर्ज नहीं करनी पड़ेगी।

रेल मंत्रालय ने बताया कि इसके साथ-साथ लगभग चार दशक पुराने यात्री आरक्षण इंजन का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जो विभिन्न रेलवे टिकट बुकिंग एप और पोर्टलों को संचालित करता है। यह कार्य चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि उन्नयन के दौरान भी प्रणाली को लगातार चालू रखना आवश्यक था। नया आरक्षण इंजन भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।

मंत्रालय ने बताया कि रेलवे का रेलवन ऐप अब चार करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर चुका है और यह देश का सबसे बड़ा रेलवे टिकट बुकिंग ऐप बन गया है। इस ऐप पर टिकट बुकिंग सहित रेलवे से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।

रेलवे ने यह भी कहा कि तत्काल टिकट बुकिंग में बॉट्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इन प्रयासों से कुछ सुधार हुआ है लेकिन इस चुनौती से निपटने के लिए लगातार और प्रभावी उपाय किए जाते रहेंगे।

रेल मंत्रालय ने वेबसाइट के सुधार में महत्वपूर्ण सुझाव देने के लिए एमएनआईटी, जयपुर के विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रतिक्रिया के आधार पर उपयोगकर्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार