पुणे-साईनगर शिर्डी के बीच शुरू होगी सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा, रेल मंत्री और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

 

नई दिल्ली, 16 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के रेल यात्रियों और साईं भक्तों को जल्द ही नई रेल सेवा की सौगात मिलने जा रही है। पहली बार पुणे और साईनगर शिर्डी के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू की जाएगी, जिससे लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।

नई पुणे–साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

यह नई रेल सेवा पुणे, श्रीगोंडा रोड, अहिल्यानगर जंक्शन, राहुरी और बेलापुर होते हुए साईनगर शिर्डी तक संचालित होगी। इसके शुरू होने से पुणे, अहिल्यानगर और शिर्डी क्षेत्र के यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय संपर्क को मजबूती मिलेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार इस सेवा से साईं बाबा के दर्शन के लिए शिर्डी जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। पुणे और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु अब बिना रेल बदले सीधे शिर्डी पहुंच सकेंगे। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

अहिल्यानगर क्षेत्र के यात्रियों को भी इस रेल सेवा से बड़ा लाभ होगा। शिक्षा, रोजगार, व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यात्रा करने वाले लोगों के लिए पुणे और शिर्डी के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार