नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए विशेष अभियान

 


नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे का दिल्ली मंडल राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल पर जलापूर्ति प्रणाली के व्यापक उन्नयन, जल गुणवत्ता निगरानी और जल भंडारण संरचनाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन तीनों स्टेशनों पर प्रतिदिन लगभग 6.5 लाख यात्रियों का आवागमन होता है।

उत्तर रेलवे के अनुसार, भारतीय रेल द्वारा जल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने और सुरक्षा प्रबंधन से संबंधित जारी निर्देशों के अनुरूप यह पहल शुरू की गई है। अभियान का उद्देश्य केवल अंतिम स्तर पर जल की गुणवत्ता की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को लगातार स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर पेयजल उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत जल भंडारण टैंकों और फिल्ट्रेशन टैंकों की व्यापक सफाई की जा रही है। इसके साथ ही आवश्यक अवसंरचना उन्नयन कार्य भी किए जा रहे हैं। रेलवे यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी जल भंडारण टैंकों पर उपयुक्त ढक्कन और सुरक्षित वेंट लगाए जाएं, ताकि बाहरी स्रोतों से किसी प्रकार का प्रदूषण जलापूर्ति व्यवस्था में प्रवेश न कर सके।

जल वितरण नेटवर्क का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार के रिसाव का समय रहते पता लगाया जा सके। क्षतिग्रस्त पाइपों, नलों और वाल्वों की मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन भी किया जा रहा है। इससे जल की बर्बादी कम होगी और आपूर्ति प्रणाली की कार्यक्षमता बढ़ेगी।

रेलवे ने पेयजल और गैर-पेयजल उपयोग की पाइप लाइनों के बीच पूर्ण पृथक्करण सुनिश्चित करने की भी व्यवस्था की है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के आपसी संदूषण की संभावना को समाप्त करना है।

स्टेशन परिसरों में स्थापित वाटर कूलर और वॉटर वेंडिंग मशीनों से जुड़े आरओ संयंत्रों के फिल्टर कार्ट्रिज की नियमित सर्विसिंग, ओवरहॉलिंग और आवश्यकता अनुसार बदलाव किया जा रहा है। जल वितरण केंद्रों और वाटर कूलरों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

रेलवे के चिकित्सा और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें नियमित रूप से जल की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। इसके अलावा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप अवशिष्ट क्लोरीन के स्तर की भी लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।

उत्तर रेलवे ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना दिल्ली मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य से यह व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी