छठ पर्व पर यात्रियों के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्था, दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों की निगरानी

 

नई दिल्ली, 09 नवंबर (हि.स.)। छठ पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार टर्मिनल पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाए हैं। इसके अलावा आनंद विहार टर्मिनल पर अस्थायी होल्डिंग एरिया (टेंट) भी तैयार किया गया है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर वर्ष 2025 में स्थायी होल्डिंग एरिया शुरू किया गया था, जबकि आनंद विहार टर्मिनल पर इस वर्ष स्थायी होल्डिंग एरिया चालू किया गया है। इन होल्डिंग एरिया में अनारक्षित टिकट काउंटर, शौचालय, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम), खानपान स्टॉल, 'माय आई हेल्प यू' बूथ और उद्घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे कर्मचारी यात्रियों को लगातार मार्गदर्शन और सहायता प्रदान कर रहे हैं। दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर छठ पर्व से जुड़े गीत भी बजाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सोमवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 23 विशेष ट्रेनें रवाना होने के लिए निर्धारित की गई। इनमें आनंद विहार टर्मिनल से आठ, नई दिल्ली से छह, हजरत निजामुद्दीन से तीन, शकूरबस्ती से तीन, दिल्ली जंक्शन से दो और रोहतक से एक विशेष ट्रेन शामिल है।

उत्तर रेलवे यात्रियों की भीड़ पर लगातार नजर रख रहा है। यात्रियों की संख्या और जरूरत के आधार पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। भीड़ प्रबंधन की निगरानी के लिए मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक और मंडल एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी