छठ पर्व के मद्देनजर 11 नवंबर को दिल्ली से 31 स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी
नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किया हैं। पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे ने 11 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से 31 विशेष रेलगाड़ियां चलाने की योजना बनाई है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 27 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन निर्धारित है। इनमें आनंद विहार टर्मिनल से 9, नई दिल्ली से 6, शकूरबस्ती से 5, दिल्ली जंक्शन से 3, हजरत निजामुद्दीन से 3 और रोहतक से एक विशेष ट्रेन शामिल है। 09 नवंबर को यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पहले से निर्धारित 23 विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त अल्प सूचना पर 6 अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी चलाई गई थीं। इस तरह यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे लगातार अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर रहा है।
उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधकों सहित मुख्यालय और मंडल के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मंगलवार को भी भीड़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी