नीट के कथित प्रश्नपत्र लीक से 22 लाख विद्यार्थियों का भरोसा टूटा : राहुल गांधी

 


नई दिल्ली, 11 मई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट-2026 परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक की खबरों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले प्रश्नों के व्हाट्सएप पर बिकने की खबरें सामने आई हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों का भरोसा टूटा है।

राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि “परीक्षा नहीं- नीट अब नीलामी है।” उन्होंने कहा कि 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे वर्ष कठिन परिश्रम किया, लेकिन एक रात में उनका भविष्य दांव पर लग गया।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है। पिछले 10 वर्षों में 89 प्रश्नपत्र लीक और 48 बार दोबारा परीक्षाएं कराने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार सरकार आश्वासन देती है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होता।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपनी विफलताओं का बोझ जनता पर डाल रही है और इसका असर गरीब परिवारों के बच्चों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों और भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह देश के युवाओं के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की आवश्यकता है और इसे मिलकर बदला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर