राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को विदेशी फंडिग के मुद्दे पर बहस की दी चुनौती
नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आंदोलन में विदेशी हाथ होने की बात करने वाले प्रधानमंत्री मोदी से वे इस मुद्दे पर बहस को तैयार हैं।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के भाषण से जुड़ा एक समाचार साझा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर झूठ बोलना बंद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं विदेशी सहायता से पद पर पहुंचे हैं। उनकी पार्टी से जुड़े वित्तीय तंत्र को विदेशों से नियंत्रित किया जाता है।
राहुल ने कहा, “मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए। आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं।”
उल्लेखनीय है कि मोदी ने शनिवार को कहा था कि अफवाहें फैलाने और भारत की छवि धूमिल करने के लिए सोशल मीडिया का दुरुपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसका मुकाबला करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। भले ही हमने दूरदराज के इलाकों से नक्सलवाद को खत्म कर दिया गया है, लेकिन 'दिमागी नक्सलवाद' का खतरा अभी भी बना हुआ है। देश को इन दिमागी नक्सलियों के खिलाफ सतर्क रहना चाहिए।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा