डोडा हादसे में शहीद जवानों को राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

 


नई दिल्ली, 22 जनवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सेना का वाहन खाई में गिरने से 10 जवानों के बलिदान और सात के घायल होने पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और इस दुख की घड़ी में पूरा देश वीर जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है।

राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना की गाड़ी के खाई में गिरने से हमारे कई जवानों की मृत्यु और अनेक के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। इस दुख की घड़ी में हम सब हमारे वीर जवानों के शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े हैं।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को डोडा जिले के भदरवाह सब-डिवीजन के थानाला क्षेत्र में सेना का बुलेट-प्रूफ वाहन सड़क से फिसलकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। वाहन में कुल 17 जवान सवार थे, जिनमें से 10 ने वीरगति हो गई और सात घायल हो गए। हादसा भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास हुआ। अधिकारियों के अनुसार, वाहन एक ऊंची पोस्ट की ओर जा रहा था, तभी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और यह दुर्घटना हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर