राहुल गांधी बोले- हम पीछे नहीं हटेंगे, संविधान की रक्षा करेंगे
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदर्शन के चलते प्रशासन के ऐहतियाती उपायों के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि सरकार चाहे जितनी भी पुलिस तैनात कर ले या नेताओं तथा युवाओं को हिरासत में ले ले, विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वे पिछले एक दशक से अधिक समय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और वे अपने राजनीतिक विरोधियों की कार्यशैली को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, संघ प्रमुख मोहन भागवत, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये सभी धीरे-धीरे राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक दबाव के घेरे में आ रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी आप जो चाहें करें। जितनी पुलिस बुलानी है बुला लें। सभी नेताओं, युवाओं और हम सभी को गिरफ़्तार कर लें, लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे।”
उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के पास आवश्यक जानकारी उपलब्ध है और वे देश के संविधान तथा जनता की आवाज की हर कीमत पर रक्षा करेंगे। उन्होंने विरोध-प्रदर्शन कर रहे युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे उनके साथ खड़े हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि संविधान पर हमला करने वाली ताकतों की पराजय हो।
राहुल का यह बयान दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव प्रणाली को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों और विपक्षी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिये जाने के बीच आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते एक-डेढ़ दशक में लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ जो खिलवाड़ हुआ है, उसे भविष्य में दोहराने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आंदोलन को और तेज किए जाने का संकेत दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी