कतर गैस प्लांट विस्फोट में सूरत के सनी पटेल की मौत की पुष्टि
-भाई ने कतर में की पार्थिव शरीर की पहचान, बुधवार को अहमदाबाद लाया जाएगा शव
सूरत, 24 जून (हि.स.)। कतर के रस लफ्फान स्थित गैस प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में सूरत के डुमस क्षेत्र के मोटो मोहल्ला निवासी सनी पटेल की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। हादसे के बाद से उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पारिवारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सनी पटेल के भाई रवि पटेल ने कतर में उनके पार्थिव शरीर की पहचान कर ली है। भारतीय दूतावास की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। सनी का पार्थिव शरीर बुधवार को कतर से अहमदाबाद लाया जाएगा, जहां से उसे सूरत पहुंचाया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि सनी पटेल अपनी ड्यूटी पर जाने और लौटने के दौरान पत्नी को फोन करना कभी नहीं भूलते थे। हादसे वाली रात भी उन्होंने नाइट शिफ्ट पर जाने से पहले पत्नी से बातचीत कर बताया था कि वे काम पर जा रहे हैं। इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। उनकी पत्नी उस अंतिम बातचीत को याद कर बार-बार भावुक हो रही हैं।
बताया जाता है कि पिता और बड़े भाई के निधन के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने के लिए सनी और उनके भाई कतर गए थे। सनी वहां एक औद्योगिक कंपनी में मैकेनिकल फिटर के रूप में कार्यरत थे। परिवार में अधिकांश सदस्य महिलाएं हैं और इस दुखद घटना से पूरा परिवार गहरे शोक में डूब गया है।
गौरतलब है कि 21 जून को कतर के रस लफ्फान स्थित एलएनजी उत्पादन एवं निर्यात केंद्र में हुए भीषण विस्फोट के बाद कई कर्मचारियों के प्रभावित होने की खबर सामने आई थी। इसी हादसे में सनी पटेल भी इसकी चपेट में आ गए थे। अब उनके निधन की पुष्टि के बाद सूरत के डुमस क्षेत्र सहित पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे