पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: बिहार में सीवान जिले के दंपति व दो बेटियों समेत पांच की मौत

 

सीवान, 16 मई (हि.स.)। बिहार में सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव के एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में शनिवार को दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों की पहचान ग्यासपुर गांव निवासी प्रेम लाल श्रीवास्तव के पुत्र मनीष श्रीवास्तव, उनकी पत्नी कंचन देवी, 16 वर्षीय पुत्री आस्था कुमारी तथा 11 वर्षीय पुत्री अदिति कुमारी के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य मृतक को परिवार का संबंधी बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि मनीष श्रीवास्तव हरियाणा के फरीदाबाद में परिवार के साथ रहते थे। चार दिन पूर्व वे अपने मामा के घर छपरा जिले के मढ़ौरा पहुंचे थे, जहां उनके नाना का ब्रह्मभोज कार्यक्रम था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शनिवार को मनीष अपने माता-पिता को लेकर छपरा शहर पहुंचे और वहां अपने ससुराल पक्ष के लोगों से मुलाकात की।

इसके बाद मनीष ने अपने माता-पिता को सार्वजनिक वाहन से गांव भेज दिया और स्वयं पत्नी व दोनों बेटियों के साथ कार से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया जाता है कि जैसे ही उनकी कार उत्तर प्रदेश के कंधरापुर थाना क्षेत्र स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 238 के पास पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे खड़े राजस्थान नंबर के ट्रक से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मनीष श्रीवास्तव के नाम का पहचान पत्र मिला, जिसमें एक पता सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव तथा दूसरा पता हरियाणा के फरीदाबाद का दर्ज था। फरीदाबाद स्थित पते पर पुलिस पहुंची तो घर पर ताला लटका मिला।

इसके बाद आजमगढ़ पुलिस ने सीवान पुलिस से संपर्क कर परिजनों की जानकारी ली। घटना की सूचना मिलते ही मृतक मनीष के बड़े भाई जीवन श्रीवास्तव निजी वाहन से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma