वेयर हाउसिंग जिला प्रबंधक आत्महत्या केस में पंजाब के पूर्व मंत्री भुल्लर गिरफ्तार
- पंजाब के कांग्रेस व अकाली सांसदों ने केस सीबीआई को सौंपने की उठाई मांग
चंडीगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने अमृतसर में वेयरहाउस के जिला प्रबंधक के आत्महत्या मामले में पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब पुलिस ने यह कार्रवाई ऐसे समय में की, जब सोमवार को कई सांसदों ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर इस केस की सीबीआई जांच करवाने की मांग की।
अमृतसर में बीते शनिवार को वेयरहाउसिंग के जिला प्रबंधक गगनदीप रंधावा ने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या के दौरान उन्होंने एक वीडियो बनाकर वायरल किया, जिसमें पंजाब के तत्कालीन परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर समेत कई लोगों के नाम लिए गए। इसके बाद पंजाब पुलिस ने लालजीत भुल्लर, उनके पिता सुखदेव भुल्लर तथा निजी सचिव दिलबाग सिंह के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया। रविवार को पंजाब के सभी राजनीतिक दलों ने चंडीगढ़ में भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इसी दौरान सोमवार को रंधावा आत्महत्या प्रकरण में पंजाब पुलिस ने लालजीत भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया।
अमृतसर के डीसीपी रविंदर पाल ने कहा कि फतेहगढ़ साहब पुलिस की मदद से लालजीत सिंह भुल्लर को मंडी गोबिंदगढ़ से गिरफ्तार किया है। भुल्लर को अमृतसर की अदालत में पेश किया जाएगा। लालजीत सिंह भुल्लर ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर पोस्ट डालकर दावा किया कि उन्होंने सरेंडर किया है।
इसी दौरान पंजाब के सांसदों ने आज गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करके इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग उठाई। कांग्रेस के 7 में से 4 सांसदों ने अमित शाह को इस संबंध में पत्र लिखा। इस पत्र पर जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला और पटियाला से सांसद धर्मवीर गांधी के हस्ताक्षर हैं। इसके साथ अकाली दल की बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने भी अलग से पत्र लिखकर मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा