मनी लांड्रिग मामले में पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ईडी की हिरासत में
चंडीगढ़, 09 मई (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को पंजाब के उद्योग बिजली, उद्योग तथा निवेश प्रोत्साहन मंत्री संजीव अरोड़ा को कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हिरासत में ले लिया। ईडी की टीमों ने सुबह से ही चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली और गुरुग्राम स्थित उनके आवासों और प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर कई घंटों तक चली तलाशी के बाद ईडी अधिकारियों ने अरोड़ा को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और चंडीगढ़ पुलिस ने मंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की करीब 20 सदस्यीय टीम आठ वाहनों में पहुंची थी। जांच एजेंसी ने दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कुल पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें अरोड़ा के परिवार द्वारा संचालित कंपनी ‘हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड’ का कार्यालय भी शामिल बताया जा रहा है।
ईडी का आरोप है कि संजीव अरोड़ा की कंपनी के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद दिखाई गई। जांच एजेंसी के अनुसार, इस कथित घोटाले में फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा किया गया और निर्यात के नाम पर जीएसटी रिफंड तथा ड्यूटी ड्रॉबैक हासिल किया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि दिल्ली की कई फर्जी फर्मों से खरीद के नकली बिल तैयार किए गए, जिनका वास्तविक अस्तित्व नहीं था। ईडी का दावा है कि इस प्रक्रिया के जरिए दुबई से अवैध धन को भारत में वापस लाने यानी “राउंड ट्रिपिंग” की गई, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचा।
ईडी की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी खुलकर संजीव अरोड़ा के समर्थन में आ गई है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने कार्रवाई को राजनीतिक बताया है।
गौरतलब है कि, संजीव अरोड़ा को राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दिलवाकर लुधियाना उपचुनाव में उतारा गया था। वर्तमान में उन्हें भगवंत मान सरकार के सबसे प्रभावशाली मंत्रियों में गिना जाता है। इससे पहले भी ईडी उनके प्रतिष्ठानों पर दो बार छापेमारी कर चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा