पुडुचेरी चुनाव: राहुल गांधी ने महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और युवाओं को 2000 रुपये का किया वादा
पुडुचेरी, 06 अप्रैल (हि.स.)। पुडुचेरी विधानसभा चुनाव अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस बीच कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी ने यहां एक जनसभा में हिस्सा लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बेरोजगार युवाओं को हर महीने 2000 रुपये और महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा देने का वादा किया।
नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के मद्देनजर प्रचार के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 6 अप्रैल को तमिलनाडु पहुंचे। वे दिल्ली से चेन्नई आए और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पुडुचेरी पहुंचे।
पुडुचेरी के लॉस्पेट में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पुडुचेरी में महिलाओं को मुफ्त बस सेवा दी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों के लिए आयु सीमा 40 वर्ष तक बढ़ाई जाएगी। हर परिवार को 20 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा और कांग्रेस की सरकार बनने के 6 महीने के भीतर स्थानीय निकाय चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। हम बेरोजगार युवकों को प्रतिमाह दो हजार रुपये देंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नकली दवाओं के मामले में केंद्र शासित प्रदेश की सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों के पास शराब की दुकानें खोली जा रही हैं और मंदिरों की जमीन बेची जा रही है।
चुनाव में अब केवल 3 दिन बचे हैं और सभी राजनीतिक दलों के नेता जोर-शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV