सीजीपी की लहरा दो तिरंगा' यात्रा आज, 21 प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन की योजना, सुरक्षा कड़ी

 


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की आज आहूत 'लहरा दो तिरंगा' यात्रा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने 21 प्रमुख मार्गों पर परिवर्तन की योजना तैयार की है। कनॉट प्लेस और इसके आसपास क्षेत्रों में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबकि, यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। इसके तहत बिना अनुमति प्रदर्शन, मार्च निकालने और भीड़ जुटाने पर रोक है।

कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, संसद मार्ग और पालिका बाजार सहित लुटियंस दिल्ली के प्रमुख इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन पाली (शिफ्ट) में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें दिल्ली पुलिस के छह हजार से अधिक जवानों के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की करीब 220 कंपनियां और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की टुकड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा, करीब पांच हजार अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके।

कनॉट प्लेस और राजीव चौक के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है। प्रमुख स्थानों पर दंगा नियंत्रण वाहन सहित अन्य वाहन तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मियों को भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को आज और कल तक आम लोगों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। पार्क के आसपास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने और बिना अनुमति भीड़ जुटाने से बचने की अपील की है। पुलिस के अनुसार नियमों का पालन करते हुए सीमित संख्या में लोगों को निर्धारित स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान की अनुमति दी जा सकती है।

प्रस्तावित यात्रा को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने भी लोगों के लिए परामर्श जारी किया है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। जरूरत पड़ने पर करीब 21 प्रमुख मार्गों पर यातायात का मार्ग परिवर्तन किया जा सकता है। इनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बाराखंभा रोड, केजी मार्ग, अशोक रोड, मिंटो रोड और तिलक मार्ग प्रमुख हैं।

इसके अलावा कनॉट प्लेस के साथ आइटीओ, मंडी हाउस, इंडिया गेट और डीडीयू मार्ग पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। यातायात पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के मध्यवर्ती इलाकों में जाने से बचें। यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और संभव हो तो मेट्रो से सफर करने की सलाह दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संबंधी प्रतिबंध हालात के अनुरूप लागू रहेंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

उल्लेखनीय है कि सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने गुरुवार को आम जनता से शुक्रवार शाम पांच बजे तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है। सीजेपी, वामपंथी दलों, विपक्षी पार्टियों और छात्र संगठनों यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को तत्काल रोकने को लेकर कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी