प्रो बॉक्सिंग लीग छह जुलाई से, तैयारियों को लेकर हुई अहम बैठक

 


नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। तालकटोरा स्टेडियम में 6 जुलाई से शुरू होने वाली प्रो बॉक्सिंग लीग के लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। आयोजन से पहले शनिवार को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़े सभी प्रमुख साझेदारों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

शनिवार को इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि बॉक्सिंग को आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से पहचान और आर्थिक अवसर दोनों मिलने चाहिए। उनका मानना है कि प्रोफेशनल बॉक्सिंग का मजबूत ढांचा तैयार होने से भारतीय मुक्केबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अनुभव मिलेगा और भविष्य में ओलंपिक में अधिक पदक जीतने की राह भी मजबूत होगी।

बैठक में दिल्ली के विधायक अशोक गोयल ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बॉक्सिंग को नई पहचान मिलेगी और यह खेल जन-जन तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि राजधानी में इतने बड़े स्तर पर बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आयोजन समिति से जुड़े शशिकांत मिश्रा ने बताया कि लीग को भव्य और पेशेवर स्वरूप देने के लिए देश की अग्रणी संस्थाओं को जोड़ा गया है। मुकाबलों का सीधा प्रसारण जीओ हॉटस्टार पर किया जाएगा, जबकि टिकटों की बुकिंग बुकमाई शो के माध्यम से उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि दर्शकों को विश्वस्तरीय अनुभव देने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

6 जुलाई से शुरू होने वाली इस लीग में देश के प्रमुख मुक्केबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में चार टीमों के कुल 32 खिलाड़ी रिंग में उतरेंगे और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजकों का विश्वास है कि यह लीग भारतीय बॉक्सिंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और खेल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इस अवसर पर बॉक्सिंग से जुड़े

दिल्ली के पूर्व महापौर जयप्रकाश ने कहा कि प्रो बॉक्सिंग लीग को अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी संबंधित संस्थाएं और आयोजन समिति मिलकर पूरी मेहनत कर रही हैं। उनका विश्वास है कि यह लीग न केवल भारतीय बॉक्सिंग को नई पहचान दिलाएगी, बल्कि भविष्य में विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का भी मजबूत आधार बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी