सर्वाधिक लंबे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री मोदी को मिल रही बधाई

 


नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। देश के चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिनों यानी सबसे लंबे समय तक निरंतर पद पर बने रहने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु , उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्रियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि देशवासियों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में व्यक्त किए गए अटूट विश्वास और भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान शासन, आर्थिक सुदृढ़ता और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति हुई है तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। राष्ट्रपति ने विशेष रूप से पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए इन्हें जनजातीय समुदायों के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने इस उपलब्धि को केवल लंबे कार्यकाल का नहीं, बल्कि भारत के परिवर्तनकारी दौर का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे, तकनीकी उन्नति, सामाजिक सशक्तिकरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि इतिहास अब्राहम लिंकन को मानव गरिमा को आगे बढ़ाने और दास प्रथा के अंत के लिए याद करता है। आज के समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समावेशी विकास के माध्यम से 25 करोड़ से अधिक लोगों को अत्यंत गरीबी से बाहर निकालने तथा करोड़ों परिवारों में आशा, अवसर और सम्मान को पुनर्स्थापित करने के लिए इतिहास में दर्ज किया जाएगा।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि इतिहास के एक निर्णायक क्षण पर प्रधानमंत्री ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, अथक सेवा और ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्शों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ भारत की क्षमताओं और आकांक्षाओं में नए आत्मविश्वास का संचार किया है और समकालीन भारत के एक सच्चे युगपुरुष के रूप में उभरे हैं। उन्होंने विकसित भारत @ 2047 की ओर अग्रसर राष्ट्र की ओर से उनके निरंतर राष्ट्रसेवा हेतु शुभकामनाएं व्यक्त की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 4,399 दिनों की निरंतर सेवा भारतीय लोकतंत्र की मजबूती और जनविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में संवैधानिक मूल्यों, संसदीय लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ता प्राप्त हुई है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आत्मनिर्भरता का काल बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान नई संसद का निर्माण, नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन, नई शिक्षा नीति, मातृभाषाओं में चिकित्सा और इंजीनियरिंग शिक्षा की पहल, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने जैसे अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 4,399 दिनों में प्रधानमंत्री ने देश के सामने आए कई चुनौतीपूर्ण दौर में निर्णायक और मजबूत नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय’ और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना के साथ सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि विकास का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ने कई बड़े और साहसिक सुधार लागू किए, जिनके कारण जनता ने लगातार उन पर भरोसा जताया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्यकाल ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित समर्पित नेतृत्व का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पिछले बारह वर्षों में भारत ने विकास, वैश्विक नेतृत्व और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और देश अपनी विरासत पर गर्व करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि 4399 दिनों की अविराम जनसेवा, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और विकसित भारत के संकल्प का यह ऐतिहासिक पड़ाव। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके नेतृत्व में डिजिटल क्रांति, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, जनकल्याणकारी योजनाओं और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए अध्याय लिखे गए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर बधाई। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देशवासियों को 'विकसित भारत' के स्वप्न से जोड़ा है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने देशवासियों की सेवा, सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए निरंतर समर्पित प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि 140 करोड़ भारतवासियों के अटूट विश्वास, सम्मान एवं आपके दूरदर्शी नेतृत्व को प्राप्त अभूतपूर्व जनसमर्थन का सशक्त प्रमाण है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 जून 2026 को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया। उन्होंने लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी