राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जन्मदिन पर अपनी जन्मभूमि को देंगी विकास की सौगात, पीएम मोदी भी रहेंगे साथ
भुवनेश्वर, 19 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने जन्मदिन के अवसर पर एक बार फिर अपनी जन्मभूमि मयूरभंज जिले के रायरंगपुर और पैतृक गांव पहाड़पुर का दौरा करेंगी। वे आज शाम मयूरभंज पहुंचेंगी।
शुक्रवार अपराह्न में राष्ट्रपति मध्य प्रदेश से रायरंगपुर पहुंचेंगी और कई महत्वपूर्ण विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी। वह एम्स भुवनेश्वर द्वारा आयोजित एक विशेष चिकित्सा शिविर का शुभारंभ करेंगी। इसके साथ ही कुसुमी ब्लॉक के खनन प्रभावित गांवों के लिए मेगा एकीकृत ग्रामीण पाइप जलापूर्ति परियोजना का उद्घाटन करेंगी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा।
राष्ट्रपति रायरंगपुर में ब्रह्मकुमारी संस्थान के ‘मातृशक्ति भवन’ का भी लोकार्पण करेंगी। इसके अलावा वह विशेष सर्किट हाउस तथा रायरंगपुर पुलिस जिले के नए भवन का उद्घाटन कर क्षेत्र के प्रशासनिक एवं बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएंगी।
राष्ट्रपति का जन्म दिन 20 जुन को है । इस ऐतिहासिक अवसर को और विशेष बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पहली बार रायरंगपुर पहुंचेंगे। दोनों शीर्ष नेताओं के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु अपने गांव पहाड़पुर में पारंपरिक कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री गांव के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करेंगे तथा स्थानीय आदिवासी समुदायों के पारंपरिक पूजा-अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
दोनों नेता एसएलएस आवासीय विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों से संवाद भी करेंगे। स्थानीय लोगों के लिए यह अवसर बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि वे देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को अपने बीच देखने के लिए उत्साहित हैं।
दांडबोस एयरस्ट्रिप में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जहां दोनों नेता जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस दौरान ₹47,600 करोड़ से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पहाड़पुर गांव तथा रायरंगपुर शहर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। गांव की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और बुनियादी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। पहाड़पुर और दिग्घियाबेड़ा में अस्थायी हेलिपैड बनाए गए हैं, जबकि दांडबोस एयरस्ट्रिप पर सभा स्थल और हेलिपैड का निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।
देश के दो सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर आसीन नेताओं के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया गया है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के यात्रा मार्ग, हेलिपैड, सभा स्थल तथा राष्ट्रपति के आवास सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन योजना तैयार की है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
रायरंगपुर, पहाड़पुर और आसपास के गांवों के निवासियों में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीण इसे अपने क्षेत्र के विकास और राष्ट्रीय पहचान के लिए एक ऐतिहासिक अवसर मान रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जन्मदिन पर उनकी मातृभूमि को मिलने वाली विकास परियोजनाओं की सौगात को लेकर पूरे मयूरभंज जिले में उत्सव जैसा माहौल है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो