राष्ट्रपति ने गंगटोक में पिंक सिटी रनर बसों का किया शुभारंभ, यात्रियों को नियमित किराए का केवल आधा भुगतान करना होगा
गंगटोक, 27 मई (हि.स.)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजधानी गंगटोक के रिज पार्क में आज पिंक सिटी रनर बस सेवा का शुभारंभ किया। इस सुविधा को 'आमा-दिदी-बहिनी बस सेवा' के रूप में भी जाना जाता है, जिसका उद्देश्य महिलाओं के दैनिक आवागमन को सुरक्षित, अधिक विश्वसनीय और किफायती बनाना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मंगलवार को तीन दिवसीय यात्रा पर सिक्किम पहुंचीं। यात्रा के दूसरा दिन आज सुबह भारत-चीन सीमा नाथूला दर्रे की उनकी यात्रा थी, जिसे खराब मौसम के कारण रद्द कर दिया गया। राजधानी में सिक्किम विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह में भाग लेने से पहले राष्ट्रपति ने यहां रिज पार्क में पिंक सिटी रनर बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। इस अवधारणा की घोषणा मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अक्टूबर 2025 में की थी।
महिलाओं को समर्पित यह परिवहन सेवा सिक्किम सरकार ने शुरू की है, जिसे 'आमा-दिदी-बहिनी बस सेवा' के रूप में भी जाना जाता है। इस सेवा का उद्देश्य महिला यात्रियों के लिए गंगटोक के भीतर दैनिक यात्रा को सुरक्षित, अधिक विश्वसनीय और किफायती बनाना है। यह सेवा रानीपूल से टाशीलिंग सचिवालय (लगभग 14 किमी) तक के मार्ग पर संचालित होगी।
यह बस सेवा पूरी तरह से महिला चालकों और कंडक्टरों द्वारा संचालित है और विशेष रूप से महिला यात्रियों की जरूरतों को पूरा करेगी। इसे यात्रियों की सुरक्षा और महिलाओं के लिए अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव पर ध्यान केंद्रित करते हुए बनाया गया है। सार्वजनिक परिवहन के व्यापक उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए यात्रियों को नियमित किराए का केवल आधा भुगतान करना होगा, जबकि राज्य सरकार शेष राशि सब्सिडी के रूप में प्रदान करेगी।
इस पहल से सुरक्षित परिवहन तक पहुंच में सुधार होने के साथ-साथ पारंपरिक रूप से पुरुष प्रधान सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। बताया गया है कि पिंक सिटी रनर का शुभारंभ महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और कल्याणकारी शासन पर राज्य सरकार के निरंतर ध्यान के अनुरूप है।
उद्घाटन समारोह में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, परिवहन विभाग के सलाहकार मदन सिंचुरी, सिक्किम सरकार के मुख्य सचिव आर. तेलांग, गृह (प्रोटोकॉल) बेनू गुरुंग, सूचना और जनसंपर्क विभाग की सचिव अन्नपूर्णा आले और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung