राष्ट्रपति ने गंगटोक में ऑर्किडेरियम का दौरा किया, प्रधानमंत्री ने किया था उद्घाटन
गंगटोक, 26 मई (हि.स.)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार दोपहर राजधानी के रिज पार्क में ऑर्किडेरियम का दौरा किया। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी कॉम्प्लेक्स में मौजूद ऑर्किडेरियम सिक्किम की समृद्ध फूलों की विरासत और जैवविविधता, इको-टूरिज्म और सतत पर्यटन विकास के संरक्षण के लिए राज्य की लगातार प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऑर्किडेरियम, जिसमें कई तरह की दुर्लभ और स्वदेशी ऑर्किड प्रजातियां हैं, सिक्किम की पारिस्थितिक समृद्धि और इसकी प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के लिए राज्य की प्रयासों को दिखाता है।
ऑर्किडेरियम के दौरे के दौरान राष्ट्रपति को सिक्किम में पाई जाने वाली ऑर्किड की 507 प्रजातियों से परिचित कराया गया। दौरे का मुख्य आकर्षण सिंबिडियम 'नमो' था, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में नामित एक अनोखी ऑर्किड प्रजाति है।
उल्लेखनीय है कि स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साल 2025 में वर्चुअल माध्यम से किया था। प्रधानमंत्री ने हाल ही में सिक्किम दौरे के दौरान आर्केडियम का दौरा किया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज तीन दिन के दौरे पर सिक्किम पहुंची हैं। उन्होंने आज की शाम राजधानी के पास देवराली में नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी का भी दौरा किया। राष्ट्रपति कल सुबह भारत-चीन सीमा पर नाथूला दर्रे का दौरा करेंगे और दोपहर में सिक्किम विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
अपने दौरे के आखिरी दिन 28 मई को राष्ट्रपति राजधानी के पाल्जोर स्टेडियम में होने वाले अलंकरण समारोह में सिक्किम पुलिस को भारत के राष्ट्रपति का 'पुलिस कलर' देंगे। यह अवॉर्ड सिक्किम पुलिस को देश के प्रति उनकी बेहतरीन सेवा के लिए दिया जा रहा है। सिक्किम यह अवॉर्ड पाने वाला देश का 15वां राज्य है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung