राष्ट्रपति ने अमृत उद्यान के ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव का किया उद्घाटन, 16 अगस्त से आम जनता के लिए खुलेगा

 


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान के ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव-2026 का उद्घाटन किया। अमृत उद्यान 16 अगस्त से 15 सितंबर तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। इस दौरान उद्यान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा और अंतिम प्रवेश शाम पांच बजे तक दिया जाएगा।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रखरखाव के लिए अमृत उद्यान प्रत्येक सोमवार को बंद रहेगा। उद्यान में प्रवेश नि:शुल्क होगा लेकिन आगंतुकों के लिए केवल ऑनलाइन पूर्व बुकिंग अनिवार्य होगी। मौके पर बुकिंग की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। किसी भी दिन के लिए ऑनलाइन बुकिंग उससे एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को खिलाड़ियों और शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को शिक्षकों के लिए अमृत उद्यान में विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

आगंतुकों का प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू रोड के निकट स्थित गेट संख्या-35 से होगा। आगंतुक अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबी, पर्स, हैंडबैग, पानी की बोतल, शिशुओं के लिए दूध की बोतल और छाता ले जा सकेंगे। इनके अलावा किसी अन्य वस्तु को भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

आगंतुकों की सुविधा के लिए भ्रमण मार्ग पर पेयजल, प्राथमिक उपचार केंद्र, वर्षा आश्रय और शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक सुबह 9:30 बजे से शाम छह बजे तक हर 30 मिनट के अंतराल पर नि:शुल्क शटल बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी।

उद्यान भ्रमण के दौरान आगंतुक बाल वाटिका, प्लूमेरिया गार्डन, बरगद उपवन, बोनसाई गार्डन, बैबलिंग ब्रुक्स, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन सहित विभिन्न आकर्षक स्थलों का आनंद ले सकेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार