राष्ट्रपति ने ओडिशा के मुख्यमंत्री से बात कर चक्रवात अर्नब के बाद के हालात की जानकारी ली
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से फोन पर बात कर तूफानी चक्रवात अर्नब के बाद राज्य में उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने चक्रवात और उसके बाद आई बाढ़ से प्रभावित लोगों तथा विस्थापितों के कुशलक्षेम के बारे में भी पूछा।
राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री माझी से राज्य के हालात पर चर्चा की। उन्होंने चक्रवात के बाद प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की स्थिति और विस्थापित नागरिकों के कल्याण के बारे में जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि चक्रवात अर्नब के प्रभाव से ओडिशा के कई दक्षिणी जिलों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पैदा हुई है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार