मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रपति ने दी बधाई
नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण पड़ाव जनता के कल्याण के प्रति उनके दृढ़ समर्पण तथा भारत की प्रगति को आगे बढ़ाने के संकल्प को दर्शाता है।
मुर्मु ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हाल के वर्षों में देश में हुआ बदलाव लोगों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। आवास, स्वास्थ्य सेवा, वित्तीय सेवाओं, स्वच्छ ऊर्जा और बुनियादी सुविधाओं तक पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ संपर्क, डिजिटल बुनियादी ढांचे और अवसरों को मजबूत करने वाली पहलों ने देशभर में लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि गरीबी कम करने और लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में हुई उल्लेखनीय प्रगति इस बदलाव के व्यापक और गहरे प्रभाव को दर्शाती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत आत्मविश्वास और नई आकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ रहा है, जबकि दुनिया भारत को नए सम्मान और विश्वास की नजर से देख रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और संकल्प से देश के लोग लाभान्वित होते रहें और भारत 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ें।
मुर्मु ने प्रधानमंत्री को अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और आने वाले वर्षों में निरंतर शक्ति की शुभकामनाएं दीं तथा भारत और उसके लोगों की सेवा के लिए उनके समर्पण की सराहना की।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार