राष्ट्रपति मुर्मु मंगलवार को 'बिरसा लाइव्स इन न्यू भारत वीक' के तहत 200 आदिवासी छात्रवृत्ति लाभार्थियों से करेंगी संवाद
नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। राष्ट्रव्यापी समारोह 'जनजातीय गरिमा उत्सव' के हिस्से के रूप में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में जनजातीय मामलों के मंत्रालय की प्रमुख केंद्रीय क्षेत्र छात्रवृत्ति योजनाओं के लगभग 200 आदिवासी छात्र से जल्द ही एक विशेष संवादात्मक बैठक में संवाद करेंगी।
जनजातीय मामलों के मंत्रालय के अनुसार यह संवाद बिरसा लाइव्स इन न्यू भारत वीक के दौरान आयोजित किया गया है, जो 25 मई से 2 जून 2026 तक भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणादायक विरासत की स्मृति में मनाया जा रहा है जबकि राष्ट्रव्यापी 'जनजातीय गरिमा उत्सव' 10 मई से 9 जून 2026 तक जारी रहेगा।, यह संवाद शिक्षा सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन और राष्ट्र निर्माण के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगा।
इस विशेष संवाद का मुख्य उद्देश्य आदिवासी छात्रों को अकादमिक उत्कृष्टता, नेतृत्व और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे समावेशी और परिवर्तनकारी आदिवासी सशक्तिकरण के साथ 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्यों को साकार किया जा सके।
इसमें देश भर के लगभग 200 मेधावी आदिवासी छात्र, जो उच्च शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले देशभर से करीब 200 मेधावी आदिवासी छात्र शामिल हैं।
इस ऐतिहासिक संवाद में भाग लेने वाले छात्र भारत सरकार के जनजातीय मामलों के मंत्रालय की तीन प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभार्थी हैं। इसमें अनुसूचित जनजातियों के लिए राष्ट्रीय फैलोशिप (एनएफएसटी), अनुसूचित जनजाति के छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए राष्ट्रीय विदेशी छात्रवृत्ति (एनओएस) योजना शामिल है।
मंत्रालय के अनुसार ये 200 छात्र आदिवासी समुदायों के उन सबसे प्रतिभाशाली युवाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो उन्नत अनुसंधान, उच्च शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक गतिविधियों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी