बैसाखी समेत विभिन्न पर्वों की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति का देशवासियों को संदेश
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बैसाखी, विशु, विषुव, बोहाग बिहू, पोइला बैसाख, मेषादी, वैशाखादि और पुत्थान्डु की पूर्व संध्या पर देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। ये सभी पर्व 14 और 15 अप्रैल को देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाएंगे।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि ये त्योहार देश के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न रूपों में मनाए जाते हैं और फसल कटाई के मौसम का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन पर्वों के माध्यम से हम धरती माता और अन्नदाता किसानों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कृषि परंपराएं और राष्ट्रीय एकता इन उत्सवों के माध्यम से झलकती हैं।
उन्होंने कामना की कि ये सभी पर्व देशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाएं तथा सभी को राष्ट्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार