नगालैंड, बिहार के राज्यपाल और मणिपुर के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। नगालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव, बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) सैयद अता हसनैन और मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति ने सभी के साथ राज्यों की स्थिति और विकास के मुद्दों पर विस्तार से बात की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने इन मुलाकातों की जानकारी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर दी। उन्होंने अलग-अलग पोस्ट में लिखा कि मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह, बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि.) सैयद अता हसनैन अपनी पत्नी के साथ और नगालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात की।
राष्ट्रपति ने नगालैंड के राज्यपाल यादव से मुलाकात में राज्य के विकास कार्यों, वहां की जनसमस्याओं और राज्य की समग्र प्रगति पर चर्चा की।
बिहार के राज्यपाल हसनैन से मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने उनसे राज्य के प्रशासनिक कामों, विकास योजनाओं और राज्य की मौजूदा स्थिति पर बात की।
राष्ट्रपति ने मणिपुर के मुख्यमंत्री से मुलाकात में राज्य की शांति व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और राज्य के लोगों से जुड़े अहम मुद्दों पर गहन चर्चा की। राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत में राज्य की प्रगति पर भी अपनी राय रखी।
इसके अलावा नगालैंड के राज्यपाल यादव ने संसद भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी मुलाकात की। उपराष्ट्रपति ने अपने एक्स पोस्ट में इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा कि उनसे मिलकर तमाम मुद्दों पर बातचीत की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी