राष्ट्रपति सोमवार को दिल्ली में गोपबंधु दास की प्रतिमा का करेंगी अनावरण

 


नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को नई दिल्ली के लाजपत भवन में राष्ट्र निर्माता, महान समाजसेवी, शिक्षाविद एवं स्वतंत्रता सेनानी उत्कलमणि गोपबंधु दास की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। लोक सेवक मंडल की ओर से आयोजित यह समारोह सुबह 11:15 बजे होगा।

लोक सेवक मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति मुर्मु नई दिल्ली में स्थापित गोपबंधु दास की पहली प्रतिमा का अनावरण करेंगी। समारोह में केंद्र सरकार के कई मंत्री, सांसद, विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी, प्रबुद्ध नागरिक तथा लोक सेवक मंडल के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।

लोक सेवक मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चोपड़ा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य गोपबंधु दास के राष्ट्रसेवा, शिक्षा, सामाजिक समर्पण और लोककल्याण के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन और कार्यों से प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि यह समारोह गोपबंधु दास के योगदान को स्मरण करने और उनके विचारों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार