ईस्टर पर राष्ट्रपति ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं
Apr 4, 2026, 18:31 IST
नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शनिवार को ईस्टर की पूर्व संध्या पर देशवासियों, विशेषकर देश और विदेशों में रह रहे ईसाई समुदाय को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि ईस्टर ईसाई धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो प्रभु यीशु मसीह के पुन: अवतरित होने की स्मृति में मनाया जाता है। यह पावन अवसर सत्य, प्रेम, करुणा, त्याग और क्षमा जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रपति ने देशवासियों से अपील की कि वे इस अवसर पर आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लें और एक बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर प्रयास करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार