(संशोधित) राजनाथ समेत कई नेताओं ने दी प्रणब मुखर्जी को श्रद्धांजलि

 

नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न प्रणब मुखर्जी को उनकी पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. प्रणब मुखर्जी ने अपनी बुद्धिमत्ता, राजनीतिक सूझबूझ और संसदीय परंपराओं की गहरी समझ से भारत के सार्वजनिक जीवन को समृद्ध किया। विभिन्न विचारों को एक साथ लाने और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर आम सहमति बनाने की उनकी क्षमता उनके विशिष्ट सार्वजनिक जीवन की पहचान थी। राष्ट्र के प्रति उनकी समर्पित सेवा और भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं में उनके अमूल्य योगदान को सदैव कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि प्रणब मुखर्जी ने सार्वजनिक जीवन में अपनी दशकों लंबी यात्रा के दौरान देश और उसके संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का उदाहरण पेश किया। उनकी अमिट विरासत नए नेताओं के लिए प्रेरणा बनी हुई है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्र और समाज की उन्नति के लिए समर्पित आपका जीवन युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। अपने कार्यों और विचारों के माध्यम से आप देशवासियों के दिलों में सदैव जीवित रहेंगे।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि भारतीय राजनीति के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, विद्वता, सादगी और कर्मठता के प्रतीक, पूर्व राष्ट्रपति एवं 'भारतरत्न' प्रणब मुखर्जी की पुण्यतिथि पर सादर नमन। एक अनुभवी राजनेता, कुशल प्रशासक एवं आर्थिक विशेषज्ञ के रूप में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं को सुदृढ़ करने में आपका अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी