टीबी मुक्त भारत अभियान की स्थिति एवं प्रगति की समीक्षा
- दिल्ली टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध : डॉ पंकज सिंह
नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित प्रगति तंत्र के अंतर्गत राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की वर्चुअल समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक में देशभर में टीबी मुक्त भारत अभियान तथा मैटरनिटी एवं बाल स्वास्थ्य (आरसीएच) कार्यक्रमों के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान दिल्ली सरकार ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों और चल रही पहलों को प्रस्तुत किया। यह समीक्षा बैठक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के लिए चुनौतियों पर चर्चा करने, अनुभव साझा करने तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ समन्वय को और मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण मंच बना।
इस अवसर पर डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हम स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, सेवा वितरण में सुधार लाने तथा बेहतर स्वास्थ्य परिणाम सुनिश्चित करने के लिए तकनीक के प्रभावी उपयोग पर लगातार कार्य कर रहे हैं।
टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में दिल्ली ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत हासिल की गई महत्वपूर्ण प्रगति को प्रस्तुत किया। दिसंबर 2024 से अब तक दिल्ली में 16.4 लाख से अधिक संवेदनशील एवं उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई है। इसके अलावा 7.4 लाख से अधिक चेस्ट एक्स-रे तथा 3.5 लाख एनएएटी परीक्षण किए गए हैं, जिससे टीबी की शीघ्र पहचान एवं उपचार में उल्लेखनीय सहायता मिली है।
दिल्ली कई प्रमुख संकेतकों पर राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) कवरेज दिल्ली में 45 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 29 प्रतिशत है। इसी प्रकार, अपफ्रंट एनएएटी परीक्षण का कवरेज दिल्ली में 88 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 83 प्रतिशत है।
24 मार्च से 15 जून तक चलाए गए टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के अंतर्गत दिल्ली में 1,953 आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 486 उच्च जोखिम वाले वार्डों तथा 149 सामूहिक आवासीय एवं संस्थागत स्थलों में लगाए गए शिविर शामिल हैं। इन शिविरों के माध्यम से 3.19 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई। अभियान के दौरान 2.03 लाख से अधिक एक्स-रे, लगभग 70,070 एनएएटी परीक्षण तथा 26,761 टीबी रोगियों की अधिसूचना (नोटिफिकेशन) दर्ज की गई।
इसके अतिरिक्त, 129 नि-क्षय मित्रों ने पंजीकरण कर 16,096 पोषण खाद्य टोकरी वितरित कीं। वहीं सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों ने जनभागीदारी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई, जो टीबी उन्मूलन अभियान में मजबूत राजनीतिक एवं सामुदायिक भागीदारी को दर्शाता है। दिल्ली सरकार ने निक्षय पोषण योजना के सफल क्रियान्वयन को भी रेखांकित किया। इस योजना के अंतर्गत अबतक 65,900 से अधिक लाभार्थियों को ₹36 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। साथ ही, 3,842 नि-क्षय मित्र टीबी रोगियों को पोषण सहायता एवं सामुदायिक सहयोग उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव