लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करती कांग्रेसः सतीश पूनिया

 


नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य एवं हरियाणा के प्रभारी सतीश पूनिया ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ संविधान और लोकतंत्र की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करती।

पूनिया ने संसद परिसर में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संसद सत्र में अभी तक एक भी दिन सदन की कार्यवाही बिना व्यवधान के नहीं चल सकी। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस वास्तव में लोकतंत्र में विश्वास करती है तो उसे सदन में रहकर बहस और चर्चा के जरिए अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बहस से भागती है, क्योंकि उसके पास अपने पक्ष का बचाव करने के लिए पर्याप्त तर्क नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इसी दोहरे रवैये की वजह से पार्टी का लगातार पतन हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के बजाय सदन की कार्यवाही से दूरी बनाने और राजनीतिक विरोध के लिए अलग रास्ता अपनाने का भी आरोप लगाया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय