प्रधानमंत्री शनिवार से दो देशों की यात्रा पर, एससीओ शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग
नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार से दो देशों उज्बेकिस्तान एवं किर्गिस्तान की यात्रा पर रवाना होंगे। इस दौरान वे 26वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री 31 अगस्त से 1 सितंबर तक बिश्केक (किर्गिस्तान) में आयोजित होने वाले 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह शिखर सम्मेलन शंघाई सहयोग संगठन की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा, जिसका भारत 2017 से पूर्ण सदस्य है।
मंत्रालय के अनुसार इस दौरान प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वे मंच पर भारत की सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर संबंधी प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालेंगे। इस सम्मेलन में वह एससीओ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। वे मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाने वाले छठे विश्व नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।
एससीओ सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री मोदी उज्बेकिस्तान की यात्रा पर जायेंगे। वे 29-30 अगस्त को ताशकंद की राजकीय यात्रा करेंगे। यह उनकी देश की चौथी यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
दोनों नेता व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और जन-जन संपर्क क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे और आगे की कार्ययोजना निर्धारित करेंगे। वे विकसित भारत 2047 और उज्बेकिस्तान-2030 के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श करेंगे। इस दौरान वह ताशकंद में शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी