शी-मार्ट विषय पर वेबिनार कल, प्रधानमंत्री करेंगे संबोधित

 


नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। बजट के बाद के वेबिनार सत्र-2026 के तहत शुक्रवार को शी-मार्ट विषय पर चर्चा की जाएगी। इस सत्र को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने गुरुवार को एक्स पर लोगों से वेबिनार से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि शी -मार्ट ग्रामीण महिलाओं को उत्पादन से ब्रांडिंग की ओर, स्थानीय बिक्री से राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा की ओर बढ़ने में मदद करेंगे। क्योंकि आज की महिला उद्यमी ही कल की व्यापारिक नेता हैं।

मंत्रालय ने कहा कि यह महज़ उत्पाद बेचने की जगह नहीं होगी, बल्कि एक ऐसा मंच होगा जहां आत्मविश्वास बढ़ेगा, सपने साकार होंगे और महिलाएं उद्यमी के रूप में अपना उचित स्थान प्राप्त करेंगी। दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में वे अब बड़े बाजारों में कदम रखेंगी, उचित मूल्य अर्जित करेंगी, मजबूत नेटवर्क बनाएंगी और अपनी मेहनत को स्थायी सफलता और आत्मनिर्भरता में बदलेंगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित किए जाने वाले 'ग्रामीण महिला नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए शी-मार्ट विषय पर आयोजित बजट के बाद के वेबिनार सत्र में हमारे साथ जुड़ें।

उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026–27 में महिला सशक्तीकरण की दिशा में 'शी-मार्ट' की स्थापना की घोषणा की है। इन मार्ट्स को ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के तौर पर विकसित किया जाएगा, जहां महिलाएं अपने उत्पाद खुद बेच सकेंगी। सरकार का मकसद महिलाओं को सिर्फ उत्पादन तक सीमित न रखकर उन्हें सीधे बाजार से जोड़ना है, ताकि वे अपने बिजनेस की असली मालिक बन सकें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी