प्रधानमंत्री मोदी चार जुलाई को जोधपुर के नए एयरपोर्ट टर्मिनल और पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे लोकार्पण

 


जोधपुर/बालोतरा, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार जुलाई को राजस्थान दौरे पर आएंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह पहले जोधपुर में नए सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे और इसके बाद बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचकर बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित प्रदेशभर की विभिन्न विकास परियोजनाओं के वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 10:45 बजे वह नए सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे तथा क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के दूसरे चरण का भी शुभारंभ करेंगे। जोधपुर में उनका प्रवास करीब 15 से 20 मिनट का रहेगा। इस दौरान वह टर्मिनल भवन में दो मिनट का वीडियो प्रजेंटेशन भी देखेंगे।

जोधपुर कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से बालोतरा जिले के पचपदरा के लिए रवाना होंगे। सूत्रों के अनुसार वह दोपहर करीब 12 बजे पचपदरा पहुंचेंगे, जहां एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण के साथ परियोजना का निरीक्षण भी करेंगे। पचपदरा में उनका लगभग दो घंटे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के बाद वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं किया गया है।

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए जोधपुर और बालोतरा दोनों जिलों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी के कमांडो पहले ही जोधपुर पहुंच चुके हैं। एसपीजी, जिला प्रशासन, पुलिस, एयरपोर्ट अथॉरिटी तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। वहीं पचपदरा रिफाइनरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार बैठकें आयोजित कर विभिन्न विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की जा रही है।

पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। इसके संचालन से पश्चिमी राजस्थान, विशेषकर बालोतरा और बाड़मेर क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्थानीय व्यापार, परिवहन, होटल, आवास, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करने वाले थे, लेकिन उद्घाटन से एक दिन पूर्व 20 अप्रैल को रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) क्षेत्र के निकट आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घटना की जांच के आदेश दिए थे। बाद में रिफाइनरी में उत्पादन गतिविधियां पुनः सामान्य हो गईं और अब प्रधानमंत्री का दौरा चार जुलाई को प्रस्तावित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश