प्रधानमंत्री शनिवार को राजस्थान व गुजरात के दौरे पर

 


नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार, 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री राजस्थान के जोधपुर और बालोतरा तथा गुजरात के साणंद में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। राजस्थान में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी, जबकि गुजरात में देश की सेमीकंडक्टर निर्माण क्षमता को मजबूती देने वाली सीजी सेमी की ओएसएटी इकाई का उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10:45 बजे जोधपुर में 480 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए हवाई अड्डा टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। 23 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यह टर्मिनल प्रतिवर्ष 20 लाख यात्रियों की क्षमता वाला है। इसी कार्यक्रम में वह संशोधित उड़ान योजना का भी शुभारंभ करेंगे। अगले दस वर्षों के लिए 28,840 करोड़ रुपये के प्रावधान वाली इस योजना के तहत 100 नए हवाई अड्डों का विकास, 200 आधुनिक हेलिपैड का निर्माण तथा क्षेत्रीय हवाई सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।

इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें सबसे प्रमुख 79,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परियोजना है, जिसे पचपदरा में राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। 9 एमएमटीपीए क्षमता वाली यह परियोजना देश की ऊर्जा सुरक्षा, पेट्रोकेमिकल आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास को नई गति देगी।

प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे। 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें 36 स्टेशन होंगे। इससे जयपुर के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी। पहले चरण के तहत, 11 स्टेशनों वाला 11.64 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर पहले से ही चालू है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं, जोधपुर रिंग रोड के चार लेन खंड, बीकानेर की 1,000 मेगावाट और 300 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाओं तथा राजस्थान अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विद्युत पारेषण परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित लगभग 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।

शाम को प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद पहुंचकर सीजी सेमी की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओएसएटी) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित यह संयंत्र इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्वीकृत पहली चार परियोजनाओं में शामिल है। पूर्ण क्षमता पर पहुंचने के बाद यह संयंत्र प्रतिवर्ष 5 अरब तक सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन कर सकेगा और ऑटोमोबाइल, दूरसंचार, 5जी, औद्योगिक तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार