प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात आगमन पर ‘स्वच्छता अभियान से होगा स्वागत’
वडोदरा/गांधीनगर, 05 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 सितंबर को गुजरात के वडोदरा और नवसारी के दौरे पर आएंगे। इस दौरान उनके हाथों राज्य में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
प्रधानमंत्री माेदी के स्वागत के लिए गुजरात ने इस बार एक नया और अनूठा तरीका अपनाया है। देशभर में स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन में बदलने में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिली उल्लेखनीय सफलता को ध्यान में रखते हुए इस बार उनका ‘स्वच्छता से स्वागत’ किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत वडोदरा और नवसारी में पिछले एक सप्ताह से विभिन्न स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ’स्वच्छ भारत’ अभियान के विभिन्न पहलुओं पर हमेशा देशवासियों से संवाद किया है। उन्होंने कहा है, “स्वच्छता अभियान के लिए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ-साथ सबका प्रयास भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान पीढ़ी ने स्वच्छता अभियान को मजबूत करने के लिए पहल की है। टॉफी के रैपर अब बच्चे इधर-उधर जमीन पर नहीं फेंकते, बल्कि उन्हें अपनी जेब में रख लेते हैं। छोटे बच्चे अब बड़ों को भी गंदगी से बचने के लिए कहते हैं। सफाई एक जीवनशैली है, सफाई जीवन का मंत्र है।”
उल्लेखनीय है कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए नरेन्द्र मोदी ने महत्वपूर्ण प्रयास किए थे। उस समय उन्होंने ‘निर्मल गुजरात’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया था।
250 गांवों में चला सघन सफाई अभियान
वडोदरा जिला प्रशासन द्वारा ‘स्वच्छता से स्वागत’ के विशेष अभियान के तहत स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वडोदरा के निर्माण के संकल्प के साथ पूरे जिले में सघन सफाई एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
अब तक जिले के करीब 250 गांवों को इस अभियान में शामिल किया जा चुका है। अभियान के तहत अब तक कुल 313 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सफाई, 505 किलोमीटर सड़कों की सफाई तथा करीब 1,835 मीट्रिक टन ठोस कचरे का निपटारा किया जा चुका है। विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान अभी भी जारी है।
अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, गांव के चौकों, पंचायत कार्यालयों, स्कूलों एवं आंगनबाड़ी परिसरों, स्वास्थ्य केंद्रों, तालाबों, कुओं और जलाशयों के आसपास से कचरा, मलबा तथा झाड़ियों को हटाकर सघन सफाई की गई है। ठोस कचरे के वैज्ञानिक संग्रहण, परिवहन और उचित निपटारे की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है, ताकि लंबे समय तक स्वच्छता बनी रहे। वडोदरा के साथ-साथ नवसारी में भी व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
स्वच्छता के साथ हरियाली बढ़ाने पर जोर
स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा पूरे जिले में सरकारी जमीनों, सड़कों के दोनों ओर, स्कूल-आंगनवाड़ी परिसरों, तालाबों एवं जलाशयों के आसपास तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। वृक्षारोपण के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण, देखभाल, नियमित सिंचाई और रखरखाव की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
जनभागीदारी बनी अभियान की ताकत
इस पूरे अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
‘स्वच्छता से स्वागत’ की इस संयुक्त पहल के माध्यम से नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रमों की जानकारी गुजरात राज्य के सूचना विभाग द्वारा प्राप्त हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे