पश्चिम एशिया संकट से पूरा विश्व चिंतित, भारत मजबूती से कर रहा मुकाबला : प्रधानमंत्री

 


नोएडा, 28 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिमी एशिया संकट पर कहा कि आज पूरा विश्व चिंतित है। पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है। युद्ध की वजह से कई देशों में खाने-पीने का सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद जैसी कई जरूरी चीजों का संकट पैदा हो गया है। हर देश इस संकट का सामना करने की कोशिश कर रहा है। हमारा भारत भी पूरी शक्ति से इसका मुकाबला कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देशवासियों को धन्यवाद किया और कहा कि आपकी ताकत के भरोसे भारत इस चुनौती का पूरी ताकत से सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर वो कदम उठा रही है जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसानों पर इस संकट का बोझ न पड़े। संकट के इस समय में भी भारत ने अपने तेज विकास को जारी रखा है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों और राजनीतिक दलों से मिलकर इस संकट का सामना करने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आज जहां तक नजर पड़ रही है, वहां तक युवाओं का जोश दिखाई दे रहा है। आज जो काम हो रहा है, वह नई उड़ान भर रहा है। आज से उत्तर प्रदेश सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा वाला राज्य बन गया है। मेरे लिए खुशी के दो कारण हैं। पहला, इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का सौभाग्य भी मुझे मिला था और इसका उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मुझे मिला है। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने मुझे प्रतिनिधि बनाया, सांसद बनाया, उस उत्तर प्रदेश की पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है। यहां से दुनिया के लिए हवाई जहाज तो उड़ेंगे ही साथ ही उप्र भी नई उड़ान भरेगा। खास कर पश्चिम उप्र की जनता को बधाई। ये सारे प्रोजेक्ट उप्र के विकास के लिए डबल इंजन सरकार का शानदार उदाहरण हैं। सेमी कंडक्टर फैक्टरी, नमो भारत ट्रेन और अब यह जेवर एयरपोर्ट पूरी दुनिया को जोड़ रहा है।

समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि पहले सपा वालों ने नोएडा को लूट का एटीएम बना लिया था। आज वही नोएडा विकास का प्रतिरूप बन रहा है। इस एयरपोर्ट को अटल सरकार ने 2003 में मंजूरी दे दी थी। यहां मौजूद बहुत से लोगों का जन्म भी नहीं हुआ होगा। लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना। कांग्रेस और सपा सरकारों ने इसकी नीव तक नहीं रखी। एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा। जब हमारी सारकार बनी तो शुरू में सपा की सरकार थी। जैसे ही दिल्ली के साथ उप्र में भी भाजपा-एनडीए की सरकार बनी, एयरपोर्ट की नींव रखी गयी और उद्घाटन भी हो गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साल 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से अधिक एयरपोर्ट हो चुके हैं। अब महानगरों के अलावा, देश के छोटे-छोटे शहरों तक भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारों का मानना था कि कुछ लोग ही हवाई यात्रा कर सकते थे। भाजपा सरकार ने आम जन के लिए यह सुविधा सामान्य कर दी। हमारी सरकार की योजना है कि एयरपोर्ट बने और किराया भी सामान्य हो। उड़ान योजना के तहत एक करोड़ से अधिक लोगों ने सस्ता किराया में हवाई यात्रा की है। भारत का विमानन क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है।

कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ अन्य नेता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला