प्रधानमंत्री 28-29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश में 6,350 करोड़ की परियोजनाएं और गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे

 


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के दौरे पर जायेंगे। इस दौरान वह वाराणसी में महिला सम्मेलन में भाग लेंगे और करीब 6,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री हरदोई में 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने गंगा एक्सप्रेसवे का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे वाराणसी में महिला सम्मेलन में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वे 1,050 करोड़ रुपये से अधिक की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिनमें सड़क चौड़ीकरण, रेल ओवरब्रिज और सीवेज शोधन संयंत्र जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा वह लगभग 5,300 करोड़ रुपये की 112 से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें जलापूर्ति और सीवरेज योजनाएं, 500 बिस्तरों वाला बहु-विशेषज्ञता अस्पताल, पर्यटन विकास, घाटों का पुनर्विकास और विभिन्न प्रशासनिक ढांचे शामिल हैं। इसी दिन प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन जिनमें बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है, उन्हें हरी झंडी दिखाएंगे।

अगले दिन 29 अप्रैल को सुबह प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद वह हरदोई पहुंच कर गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। कुल 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा समय को 10-12 घंटे से घटाकर लगभग 6 घंटे कर देगा। यह परियोजना 12 जिलों को जोड़ते हुए राज्य में तेज गति संपर्क का नया नेटवर्क तैयार करेगी।

एक्सप्रेसवे की खासियत शाहजहांपुर में 3.5 किलोमीटर लंबी आपातकालीन हवाई पट्टी है, जो सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही यह परियोजना औद्योगिक निवेश, कृषि आय, लॉजिस्टिक्स और रोजगार को बढ़ावा देने में सहायक होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर