प्रधानमंत्री का दो दिवसीय गुजरात दौरा, सोमनाथ में ‘अमृत महोत्सव’ और वडोदरा में ‘सरदारधाम’ का करेंगे लोकार्पण
जामनगर, 09 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 और 11 मई 2026 को अपने गृह राज्य गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह जामनगर, सोमनाथ और वडोदरा में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
10 मई: जामनगर में स्वागत, रात्रि विश्राम
प्रधानमंत्री मोदी 10 मई की देर रात दिल्ली और अन्य राज्यों के कार्यक्रमों के बाद जामनगर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। शहर के प्रमुख मार्ग ‘गौरव पथ’ को विशेष लाइटिंग और सजावट से सजाया गया है। प्रधानमंत्री रात में जामनगर में ही विश्राम करेंगे।
11 मई सुबह: सोमनाथ में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में होंगे शामिल
11 मई की सुबह प्रधानमंत्री सोमनाथ महादेव के सानिध्य में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में भाग लेंगे। सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार और प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूर्ण होने पर यह आयोजन किया जा रहा है।
सुबह करीब 10:15 बजे प्रधानमंत्री का हेलिपैड पर आगमन होगा, जहां से वीर हमीरजी गोहिल की प्रतिमा तक भव्य रोड शो निकाला जाएगा। इसके बाद वह सोमनाथ मंदिर में विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे। साथ ही वह सद्भावना ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री सोमनाथ ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठक कर मंदिर विकास कार्यों की समीक्षा भी कर सकते हैं।
शाम को वडोदरा में ‘सरदारधाम भवन-3’ का लोकार्पण
सोमनाथ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वडोदरा रवाना होंगे। सूत्रों के अनुसार, रास्ते में वह धोलेरा एसआइआर प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा के लिए संक्षिप्त ठहराव भी कर सकते हैं।
शाम करीब 6 बजे प्रधानमंत्री वडोदरा के वाघोडिया रोड स्थित नवनिर्मित ‘सरदारधाम भवन-3’ का लोकार्पण करेंगे। यह अत्याधुनिक छात्रावास परिसर 2 हजार से अधिक विद्यार्थियों के रहने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाओं से सुसज्जित है। इस अवसर पर पाटीदार समाज की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को ‘सरदार रत्न’ सम्मान से भी सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरे के अंतिम चरण में वडोदरा में प्रधानमंत्री का गदा सर्कल से एयरपोर्ट तक रोड शो आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
सभी कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री देर शाम वडोदरा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर सौराष्ट्र और मध्य गुजरात में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गुजरात के सूचना विभाग द्वारा उक्त जानकारी प्राप्त की गई है।
__________________
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे