रथ यात्रा पर प्रधानमंत्री मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने दी शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना की
कोलकाता, 16 जुलाई (हि.स.)। भगवान जगन्नाथ की पवित्र रथ यात्रा के शुभ अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने भगवान जगन्नाथ से सभी के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए रथ यात्रा को आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि रथ यात्रा के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएं। यह भारत की सदियों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की एक शानदार अभिव्यक्ति है। रथ यात्रा से जुड़ी परंपराओं ने भारत और दुनिया भर में कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। ये परंपराएं विनम्रता, सामूहिक भागीदारी और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक हैं।
प्रधानमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि वे हमें हमारे सभी प्रयासों के लिए शक्ति प्रदान करें और हमारे समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करें।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा को नमन करते हुए कहा कि प्रभु की कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण हो। उन्होंने देश, समाज और समस्त मानवता के कल्याण की कामना करते हुए सभी को रथयात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और जय जगन्नाथ का उद्घोष किया।
उधर, रथयात्रा के अवसर पर भाजपा नेता दिलीप घोष अपनी मां और पत्नी के साथ नदिया जिले के मायापुर स्थित इस्कॉन मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने मायापुर चंद्रोदय मंदिर में भगवान की आरती की, गोपूजन और गोसेवा में हिस्सा लिया। उन्होंने अपने हाथों से गायों को चारा खिलाया, उनके चरण धोए और यज्ञ में भी भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस्कॉन जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की रथयात्रा में शामिल होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर