सर्बिया के राष्ट्रपति की शुभकामनाओं पर प्रधानमंत्री ने जताया आभार, द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दोहराई प्रतिबद्धता

 


नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक द्वारा भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर दी गई बधाई के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सर्बिया के साथ अपने मैत्रीपूर्ण संबंधों को अत्यंत महत्व देता है और दोनों देशों के बीच सहयोग एवं साझेदारी को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर राष्ट्रपति वुसिक की पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रपति की हालिया भारत यात्रा तथा दोनों नेताओं के बीच हुई सार्थक और सकारात्मक चर्चाएं अच्छी तरह याद हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सर्बिया के संबंध आपसी विश्वास, सम्मान और सहयोग की मजबूत नींव पर आधारित हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भारत आने वाले वर्षों में सर्बिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को उत्सुक है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। उन्होंने कहा था कि किसी लोकतांत्रिक देश में इतने लंबे समय तक सर्वोच्च पद पर बने रहना जनता के गहरे विश्वास, नेतृत्व क्षमता और जनसमर्थन का प्रतीक है।

राष्ट्रपति वुसिक ने प्रधानमंत्री मोदी को दूरदर्शी और अनुभवी राजनेता बताते हुए कहा कि उनकी आवाज आज वैश्विक मंच पर सम्मान के साथ सुनी जाती है। उन्होंने भारत की निरंतर प्रगति और विकास के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना भी की।

वुसिक ने दोनों नेताओं की हालिया मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि वह बैठक आपसी सम्मान, विश्वास और समझ की भावना से परिपूर्ण थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को आधुनिक वैश्विक चुनौतियों और राष्ट्रीय हितों की गहरी समझ रखने वाला प्रभावशाली नेता बताया तथा विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारत विश्व स्तर पर अपनी भूमिका को और मजबूत करेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर