प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता पित्रोदा को दीपावली की बधाई दी

 


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा और उनकी पत्नी को दीपावली और नववर्ष की बधाई सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई। प्रधानमंत्री ने एक मीडिया से पित्रोदा की बातचीत से जुड़े एक्स पोस्ट को साझा करते हुए उन्हें यह बधाई संदेश दिया है। खास बात यह है कि पित्रोदा बातचीत में प्रधानमंत्री की प्रशंसा कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री लिखते हैं, “आपको सैम भाई और अंजना (सैम की पत्नी) बहन को दीपावली और नूतन वर्ष की शुभकामनाएं। आने वाले वर्ष आपके लिए आनंद और स्वस्थ से भरपूर हो इसके लिए प्रार्थना करता हूं, जय जगन्नाथ।”

उल्लेखनीय है कि सैम पित्रोदा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और गांधी परिवार के बेहद करीबी रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उन्हें बधाई देना इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि प्रधानमंत्री ने कई बार अपने राजनीतिक भाषणों में उनकी विभिन्न विषयों पर की गई टिप्पणियों को लेकर आलोचना भी की है। इस कारण कांग्रेस को उन्हें पद से हटाना भी पड़ा था।

सैम पित्रोदा ने मीडिया बातचीत में उन्हें अपना गुजराती मित्र बताया और कहा है कि वह व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री का सम्मान करते हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ उनसे मिल चुके हैं। वे बहुत मिलनसार, दयालु, स्नेही और देखभाल करने वाले हैं।

पित्रोदा ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि “वह एक अच्छे वक्ता, मेहनती व्यक्ति हैं और उनके साथ उनके अच्छे संबंध हैं। हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है। गुजराती नेता, मित्र या शुभचिंतक के रूप में उनके प्रति मन में कोई द्वेष भी नहीं है। वे मेरे प्रति भी बहुत स्नेहपूर्ण रहे हैं और मैं इसकी सराहना करता हूं।“

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा