प्रधानमंत्री मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का किया उद्घाटन
नोएडा, 28 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) सुविधा का शिलान्यास भी किया। इससे पहले उन्होंने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामने मौजूद जन समूह से पूछा कि उद्घाटन हो गया? जनता की ओर से हां में आए जवाब के उत्तर में मोदी ने कहा कि नहीं, मैने तो अभी केवल पर्दा हटाया है। मैं चाहता हूं कि यहां मौजूद आप सब लोग इसका उद्घाटन करें। प्रधानमंत्री ने सभी से मोबाइल निकाल कर जलाने का आग्रह किया। जनता ने वैसा ही किया। उन्होंने कहा कि अब आप ने दिया जलाकर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया है।
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने कहा कि आज की इस उपलब्धि के लिए पूरा उत्तर प्रदेश हीं नही बल्कि पूरा देश गौरवान्वित हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की सोच विकास और विरासत भी, उसी का जीता जागता यह उदाहरण है। इस हवाई अड्डे से हर क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले केवल कुछ खास लोग ही हवाई यात्रा करते थे। आज देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर सकता है। देश का आम नागरिक भी प्रधानमंत्री मोदी के लिए खास नागरिक है।
अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे निरंतर देश सेवा के लिए समर्पित हैं और ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘डिजिटल भारत’ और ‘विकसित भारत’ जैसे लक्ष्यों को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सेवाकाल के दौरान एक भी दिन अवकाश नहीं लिया है। उन्हें देश सेवा में आनंद आता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश के साथ उड्डयन प्रदेश भी बन रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को एक ऐतिहासिक क्षण बताया। योगी ने इस दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है, लेकिन भारत में स्थिति नियंत्रित है। उन्होंने केंद्र सरकार के एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया और इसे आम लोगों को राहत देने वाला कदम बताया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत, नए उत्तर प्रदेश का दर्शन कर रहे हैं।
योगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अपने नकारेपन के कारण उत्तर प्रदेश को पीछे छोड़ दिया था। 2002 से 2017 तक प्रदेश के विकास को रोका गया। देश ने 2014 से और उप्र ने पिछले नौ साल में विकास की यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य सहित कई गण्यमान्य मौजूद रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला